तेज रफ्तार बस और ट्रैक्टर में टक्कर, बाल बाल बचे यात्री
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7 शनिवार पूर्वाह्न क्षेत्र के रूधौली बाजार में हादसे का काला दिन बनने से उस समय बच गया, जब बाजार में खड़े एक ट्रैक्टर में पीछे से आ रही सुल्तानपुर डिपो की एक बस जोरदार ढंग से भिड़ गई। उस भिड़ंत में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन उसमें बैठे यात्रियों समेत किसी को भी खरोंच तक नहीं आई। सभी को सुरक्षित देख लोगों ने राहत की सांस ली।बताया जा रहा है कि मिर्जापुर गांव निवासी अरविंद यादव की रूधौली बाजार स्थित सेंट्रल बैंक के पास लोहे के सरिया की दुकान है।

वहीं सड़क के किनारे खड़े ट्रैक्टर में परिवहन निगम के सुल्तानपुर डिपो की बस संख्या यूपी 42 बीटी 6210 पीछे से आकर जोरदार ढंग से भिड़ गई। भिड़ंत में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उक्त बस अनियंत्रित होकर अन्य दो वाहनों से लड़ते भिड़ते ट्रैक्टर में भिड़ी थी। हादसे के बाद लोगों का जमावड़ा लग गया, सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी।

बहरहाल पुलिस सुल्तानपुर जनपद के जयसिंह पुर थाना क्षेत्र के मोइली निवासी चालक तरूण तिवारी समेत बस को कब्जे में लेकर थाने ले आई। जबकि परिचालक मौके से भाग निकला। ट्रैक्टर स्वामी द्वारा मामले में बस चालक के विरुद्ध तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। इस बाबत थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने मुकदमा दर्ज किए जाने की बात कही।








