दुधमुंही को अस्पताल में छोड़कर भागे परिजन
# चिकित्सक की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
ईंट भट्टे पर मजदूरी करने वाले माता पिता अपने तीन महीने की दुधमुंही को अस्पताल में छोड़कर भाग निकले। मामले की खबर पर लोग मां बाप को कोसते नजर आए। चिकित्सक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
आजमगढ़ रोड स्थित चाइल्ड केयर हॉस्पिटल पर 22 जनवरी को मासूम बच्ची को लेकर पहुंचे परिजन ने उसे भर्ती कराया।

अस्पताल में पिता ने अपना नाम संदीप व बच्ची का नाम सुषमा निवासी लालगंज जनपद आजमगढ़ दर्ज कराया। चिकित्सक डा. महफूज अहमद के मुताबिक बच्ची मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित थी, जिसके चलते उसे दौरा पड़ता था। इलाज के दौरान उसकी तबियत में काफी सुधार हो रहा था। लेकिन 26 जनवरी को अचानक परिवार के लोग लापता हो गए। तीन दिन तक परिवार के आने का इंतजार करते और अपने स्तर से परिवार का पता लगाया गया।

लेकिन परिजनों के न मिलने पर चिकित्सक ने गुरुवार की रात डायल 112 पर पुलिस को मामले की जानकारी दी।सूचना पर पहुंची पुलिस मासूम को अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस की निगरानी में बच्ची का उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस उसके परिजनों की तलाश में जुटी हुई है।








