बेटी का तिलक चढ़ाकर लौट रहे पिता समेत तीन की मौत, दो की हालत नाजुक
पूर्णिया।
तहलका 24×7. बिहार के पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हुई है, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें दो गंभीर रुप से घायल हो गए।मृतक और घायल सभी धमदाहा थाना क्षेत्र के कुवारी गांव निवासी हैं। मृतकों में जागो ऋषि, कृष्णा ऋषि और कंचन देवी शामिल हैं।

जागो ऋषि अपनी बेटी के शादी का तिलक चढ़ाकर परिवार के साथ पटना रेका गांव से ऑटो से वापस लौट रहे थे। खुशी के माहौल में अचानक यह हादसा हो गया, जिससे पूरा परिवार सदमे में है। मृतक जागो ऋषि सहित उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतका कंचन देवी के पति मोती ऋषि ने बताया कि पूरा परिवार तिलक समारोह में शामिल होने गया था।वापसी के दौरान यह हादसा हुआ, जिससे घर में खुशी का माहौल एक पल में मातम में बदल गया।

ट्रक चालक टक्कर मारने के बाद वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त करने की कोशिश की, लेकिन चालक अब तक नहीं मिला। घटना के बाद आसपास के इलाके में लोगों में आक्रोश है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही सरसी थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तीन शव मौके पर ही मिले, जबकि दो घायलों को तत्काल पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका स्थानीय अस्पताल में उपचार हो रहा है।







