रंगदारी न देने पर डॉक्टर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पैर में लगी गोली
# तीन नकाबपोश बदमाशों ने क्लिनिक में घुसकर किया हमला, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7. जिले के बक्शा थाना क्षेत्र में रंगदारी न देने पर एक डॉक्टर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने लखौवां बाजार स्थित डिस्पेंसरी में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से डॉक्टर घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना बक्शा थाना क्षेत्र के लखौवां बाजार की है। यहां मूल रुप से पश्चिम बंगाल निवासी डॉक्टर बीके बंगाली अपनी डिस्पेंसरी संचालित करते हैं।

वह क्लिनिक में मरीज देख रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बदमाश बाइक से उतरा और डॉक्टर से कहा, तुम्हें समझ में नहीं आ रहा है। इसके बाद उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। पीड़ित डॉक्टर के मुताबिक बदमाशों ने तीन राउंड फायर की। एक गोली उनके पैर में लगी, जबकि दो गोलियां क्लिनिक की दीवार में जा धंसीं। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

डॉक्टर ने बताया कि हाल ही में वह पश्चिम बंगाल स्थित अपने पैतृक घर गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्हें व्हाट्सएप कॉल के जरिए ‘शोले सिंह’ नामक व्यक्ति ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम देने से इनकार करने पर उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया।

पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश के लिए टीम गठित कर जांच शुरु कर दी गई है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।







