इंचार्ज गए तो चौकी बंद! “ताला मॉडल पुलिसिंग” पर उठे सवाल
# उद्घाटन के बाद भी नई पुलिस चौकी पूरी तरह संचालित नहीं, स्थानीय लोगों में नाराजगी
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के बीबीगंज में श्री विश्वनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के कुलानुशासक डॉ. वेद प्रकाश सिंह‘राजू’ द्वारा नवनिर्मित आधुनिक पुलिस चौकी का शुभ उद्घाटन 4 दिसंबर 2025 को तत्कालीन पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ कुमार व जिलाधिकारी दिनेश सिंह ने किया था।उद्घाटन के समय इसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम बताया गया था, लेकिन वर्तमान हालात को लेकर स्थानीय लोगों में सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों व आसपास के लोगों का कहना है कि नई चौकी में नियमित रुप से केवल चौकी इंचार्ज ही बैठते हैं, जबकि अन्य पुलिसकर्मी अब भी पुराने भवन में ही रहते हैं। आरोप है कि जैसे ही इंचार्ज किसी कार्यवश बाहर जाते हैं, नई चौकी पर ताला लगा दिया जाता है। इस स्थिति को लेकर क्षेत्र में ‘ताला मॉडल पुलिसिंग’ जैसी चर्चाएं होने लगी हैं।

लोगों का सवाल है कि जब नई इमारत पूर्ण रुप से तैयार है तो उसे 24 घंटे आम जनता के लिए संचालित क्यों नहीं किया जा रहा। फरियाद लेकर आने वाले लोगों को कभी नई चौकी तो कभी पुराने भवन के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे असमंजस की स्थिति बन रही है।

उद्घाटन के समय जिस चौकी को क्षेत्र की सुरक्षा का नया केंद्र बताया गया था, वह अब सीमित उपयोग तक सिमटती दिख रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि भवन तैयार है तो उसमें स्टाफ की तैनाती कर उसे व्यवस्थित रुप से संचालित किया जाना चाहिए। अब लोगों की निगाहें संबंधित अधिकारियों की ओर हैं कि वे इस व्यवस्था को लेकर क्या स्पष्टिकरण देते हैं और नई चौकी को पूरी तरह कार्यशील बनाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।








