ईद, नवरात्रि के बीच सफाई व्यवस्था बेपटरी, वार्डों में कूड़े के ढेर से बढ़ी परेशानी

ईद,नवरात्रि के बीच सफाई व्यवस्था बेपटरी, वार्डों में कूड़े के ढेर से बढ़ी परेशानी

खेतासराय, जौनपुर। 
डॉ. सुरेश कुमार 
तहलका 24×7 
               नगर पंचायत खेतासराय में ईद और नवरात्रि जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर जहां विशेष सफाई व्यवस्था की जानी चाहिए थी,वहीं हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है।नगर के विभिन्न वार्डों में जगह-जगह कूड़े के अंबार लगे हैं,जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी व्याप्त है।नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4,8 और 13 सहित कई इलाकों में कूड़ा कई दिनों से नहीं उठाया गया है?
सड़कों के किनारे जमा कूड़े से दुर्गंध फैल रही है,जिससे राहगीरों और आसपास के निवासियों का जीना दूभर हो गया है।त्योहारों के समय स्वच्छता को लेकर प्रशासन के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं।नगर के अधिकांश हिस्सों में नालियां जाम पड़ी हैं।नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है,जिससे आवागमन बाधित हो रहा है।कई स्थानों पर लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है,जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर पंचायत के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।लोगों में इस बात को लेकर खासा आक्रोश है कि त्योहारों के समय भी सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है।आम जनता का कहना है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं,लेकिन समस्याओं के समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि गंदगी और जलभराव के कारण डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।यदि समय रहते सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया,तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।नागरिकों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग जिला प्रशासन से की है।नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए,नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए तथा जाम नालियों की सफाई कराई जाए,ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
अधिशासी अधिकारी अलका मौर्या का रवैया पर भी सवाल खड़ा हो रहा है।शिकायतों के बावजूद न तो निरीक्षण किया जा रहा है और न ही सफाई कर्मियों की जवाबदेही तय की जा रही है।इससे यह साफ प्रतीत होता है कि प्रशासनिक स्तर पर उदासीनता बरती जा रही है।इस सम्बंध में अधिशासी अधिकारी अलका मौर्या ने बताया कि सभी वार्डों में सफाई अभियान चलाएं जा रहे है, शीघ्र ही व्यवस्थाएं दुरुस्त कर लिया जाएगा।
Previous articleईद व नवरात्र को लेकर पीस कमेटी की बैठक में सौहार्द की अपील
Next articleरसोई गैस संकट पर कांग्रेस का हल्ला बोल 
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?