जिम्मेदारियों का निर्वहन ही सच्ची सेवा : डा. पालीवाल
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
रविवार पूर्वाह्न पालीवाल पेट्स क्लीनिक एण्ड सर्जिकल सेंटर के पशु चिकित्सक ने नगर के पशु प्रेमी युवकों को नैतिकता का पाठ पढ़ाते हुए नजर आए। मौका सड़क दुर्घटना में घायल नंदी (सांड) के उपचार का था।विगत तीन जुलाई को आजमगढ़ मार्ग स्थित कांसीराम आवास के पास सांड डीसीएम वाहन के टक्कर से गंभीर रुप से घायल हो गया था।

जिसमें शरीर के विभिन्न हिस्सों में गम्भीर चोट आने के साथ ही उसका जबड़ा बुरी तरह से टूट गया था। घटना के बाद सेवा की मिसाल बन उक्त आवासीय क्षेत्र से तीन लड़के ओम, अमित और विशाल आगे आए और दर्द से कराह रहे सांड को सड़क के किनारे सुरक्षित कर बेजुबान संस्था को सूचित किया।

संस्था के लोगों की सूचना पर स्थानीय पशु चिकित्सालय ने घायल सांड के उपचार को लेकर जहां हाथ खड़ा कर दिया, वहीं मौके पर डा. आलोक सिंह पालीवाल ने मौके पर पहुंच जबड़े की सर्जरी कर राहत पहुंचाने का कार्य किया। पेशे के प्रति उनके सेवाभाव को देखकर युवक जहां प्रभावित हुए, वहीं डाक्टर पालीवाल ने युवकों को सेवाभाव की परिभाषा सिखाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र चाहे जो हो, जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन ही सच्ची सेवा है। संस्था के लोगों ने चिकित्सक के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।















