टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
आजमगढ़।
फैजान अंसारी
तहलका 24×7
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरा खिजिर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास बुधवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ।जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया।घटना के बाद टैंकर चालक वाहन लेकर भाग निकला।जानकारी के अनुसार ओझौली गांव निवासी सूरज जायसवाल (25), बृजेश कन्नौजिया (23) और संत विजय (22) किसी कार्य से मुबारकपुर आए थे।

देर रात तीनों युवक बाइक से वापस घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े 10 बजे जैसे ही उनकी बाइक मुबारकपुर इंडेन गैस एजेंसी के पास पहुंची तभी तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर गिर गई और तीनों युवक उछलकर दूर जा गिरे।हादसे में सूरज जायसवाल और बृजेश कन्नौजिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतविजय गंभीर रुप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों मृतक अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। पुलिस फरार टैंकर चालक की तलाश में जुटी हुई है। घटना की सूचना पर परिजनों में कोहराम मचा रहा।















