पीड़ित को नहीं मिल रहा न्याय, मंडलायुक्त से लगाई न्याय की गुहार
# तहसील में जिम्मेदारों द्वारा कागजी घोड़े दौड़ाने की कवायद से पीड़ित हलकान
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
कोतवाली क्षेत्र के बड़गांव निवासी पीड़ित ने भूमि संबंधी विवाद को लेकर मंडलायुक्त को प्रार्थना पत्र देकर न्याय दिलाने की मांग की है। दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित भूमि पर पूर्व से कब्जा एवं उपयोग होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से हस्तक्षेप किया जा रहा है।पीड़ित दयाराम पुत्र मुन्नर ने बताया कि उक्त भूमि का क्रय-विक्रय विधिवत अभिलेखों में दर्ज है, राजस्व अभिलेखों में भी उसका नाम दर्ज है।

इसके बावजूद विपक्षी द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे परिवार को मानसिक एवं सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामले की जानकारी स्थानीय स्तर पर देने के बाद भी स्थिति यथावत बनी हुई है। आवेदक ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराते हुए भूमि की पैमाइश, अभिलेखों का सत्यापन तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पीड़ित ने सुरक्षा की दृष्टि से भी उचित व्यवस्था किए जाने का अनुरोध किया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।

आयुक्त ने मामले को संज्ञान में लेकर उप जिलाधिकारी को जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया है। आरोप है कि तहसील प्रशासन लेखपाल, कानून गो जैसे राजस्वकर्मियों पर जिम्मेदारी देकर पीड़ित को तहसील की परिक्रमा करने को मजबूर कर रहा है, जिसके चलते रसूखदार विपक्षियों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल उक्त प्रकरण में तहसील और पुलिस प्रशासन गंभीर नहीं होता तो कभी भी किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।








