फरीदुल हक पीजी कॉलेज के इफ्तार में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के सबरहद तालीमाबाद स्थित फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज में बुधवार को आयोजित इफ्तार पार्टी में गंगा-जमुनी तहजीब की झलक देखने को मिली।कॉलेज प्रबंधन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने एक साथ रोजा इफ्तार कर आपसी सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

इफ्तार के बाद मौलाना अबूज़र मदनी ने मग़रिब की नमाज अदा कराई और देश में अमन-चैन व खुशहाली के लिए दुआ की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के मैनेजर नासिर जमाल शेख ने कहा कि रमजान का महीना रहमत और बरकत का पैगाम लेकर आता है।रोजा केवल भूख-प्यास सहने का नाम नहीं, बल्कि दूसरों के दर्द को महसूस करने और मदद करने का जज्बा भी सिखाता है।

ऐसे आयोजनों से समाज में मोहब्बत और भाईचारा मजबूत होता है।प्राचार्य डॉ. तबरेज आलम ने कहा कि कॉलेज में हर वर्ष बिना किसी भेदभाव के इफ्तार का आयोजन किया जाता है,जो आपसी एकता का प्रतीक है।उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यही समाज को सही दिशा दे सकते हैं।सर सैयद अहमद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मो. शाहिद नईम ने भी नैतिक मूल्यों पर बल देते हुए अभिभावकों से बच्चों के समग्र विकास पर ध्यान देने की अपील की।

अंत में आयोजक नासिर जमाल शेख ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर पूर्व विधायक नदीम जावेद, पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव‘ललई’,विधायक तूफानी सरोज, कांग्रेस प्रवक्ता हम्माम वहीद, सैय्यद उरूज, हाजी नौशाद, डॉ. अनवर खान, अम्मार वहीद, डॉ. शौकत खान, फहीम जावेद समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।


















