अप्रैल के अंत तक आ सकता है यूपी बोर्ड हाईस्कूल-इंटर का रिजल्ट
प्रयागराज।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम अप्रैल माह के अंत तक घोषित किए जा सकते हैं।बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से शुरु होकर शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।प्रदेशभर में बनाए गए 254 मूल्यांकन केंद्रों पर लगभग 2.75 करोड़ कॉपियों की जांच की गई।

मूल्यांकन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल निर्धारित थी, लेकिन बीच में तीन दिन के अवकाश के चलते कार्य प्रभावित हुआ। इसके बाद 4 अप्रैल तक निर्धारित 15 कार्य दिवसों में मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई। अब सभी केंद्रों से अवार्ड ब्लैंक क्षेत्रीय कार्यालयों में जमा कराए जा रहे हैं, जिसके बाद परीक्षाफल तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।गौरतलब है कि पिछले वर्ष यूपी बोर्ड का परिणाम 25 अप्रैल को घोषित किया गया था। ऐसे में इस वर्ष भी अप्रैल के अंतिम सप्ताह में रिजल्ट जारी होने की संभावना जताई जा रही है।


















