अयोध्या-वाराणसी हाई स्पीड कॉरिडोर को मंजूरी, अब मात्र 2 घंटे में पूरा होगा सफर
अयोध्या।
तहलका 24×7
अयोध्या और वाराणसी के बीच धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए केंद्र सरकार ने महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम शुरु कर दिया है। अयोध्या-वाराणसी हाई स्पीड एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर के निर्माण से अब इन दो प्राचीन नगरों के बीच का सफर न केवल सुगम होगा, बल्कि समय में भी भारी बचत होगी।वाराणसी से अयोध्या पहुंचने में यात्रियों को 4 से 5 घंटे का समय लगता है।

इस नए सिक्स लेन कॉरिडोर के बन जाने के बाद यह दूरी घटकर लगभग 200 किलोमीटर रह जाएगी, जिसे यात्री मात्र 2 घंटे में तय कर सकेंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस प्रोजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए निविदाएं आमंत्रित कर दी हैं। कॉरिडोर की रुपरेखा ड्रोन सर्वे के आधार पर तैयार की गई है। अयोध्या का रामपुर हलवारा इस कॉरिडोर का शुरुआती बिंदु होगा।मार्ग मयाबाजार ब्लॉक के बबुआपुर और वंदनपुर से होते हुए अंबेडकरनगर जिले में प्रवेश करेगा।

यह कॉरिडोर काशी, अयोध्या और चित्रकूट को एक-दूसरे से सीधे जोड़ देगा।वाराणसी से आने वाले श्रद्धालु सीधे दशरथ समाधि स्थल के पास से अयोध्या में प्रवेश कर सकेंगे। यह मार्ग अंबेडकरनगर के आगे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और प्रयागराज-चित्रकूट मार्ग से भी जुड़ेगा। एनएचएआई के परियोजना निदेशक अवनीश सिद्धार्थ के अनुसार, कंसल्टेंट एजेंसी के चयन के बाद सर्वे और डीपीआर तैयार करने में लगभग डेढ़ वर्ष का समय लगेगा।

हालांकि, कॉरिडोर के पूर्ण होने से पहले अयोध्या को एक और बड़ी सौगात मिलेगी कॉरिडोर से पहले 67 किमी लंबा रिंग रोड बनकर तैयार हो जाएगा। करीब 2500 करोड़ रुपये की यह परियोजना अयोध्या, गोंडा और बस्ती जिलों को आपस में जोड़ेगी।काशी-अयोध्या-चित्रकूट के इस ‘कनेक्टिविटी हब’ के तैयार होने से उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन का सर्किट और मजबूत होगा। श्रद्धालुओं के लिए एक ही यात्रा में तीनों पवित्र स्थलों के दर्शन करना बेहद आसान हो जाएगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी बल मिलेगा।














