कैंट स्टेशन के सामने छोटे दुकानदारों के लिए बनाए गए नाइट मार्केट पर गरजा नगर निगम का बुलडोजर
वाराणसी।
तहलका 24×7
एडीएम सिटी ने पुलिस फोर्स के साथ अतिक्रमण और अवैध दुकानों पर कार्रवाई शुरु कराई, आवंटियों को 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद प्रशासन ने सख्ती से दुकानों को हटवाना शुरु किया तो अफरा तफरी मच गई। फ्लाईओवर के नीचे ट्रैफिक रोकवाकर सामान को नगर निगम के वाहनों ने लादना शुरु किया। लोग अपनी दुकानों का सामान लेकर भागने लगे। नगर निगम प्रशासन की ओर से नाइट मार्केट को खाली कराने के लिए कहा गया था, टीम ने विरोध के बीच अवैध दुकानें हटवाईं।

देर रात तक कार्रवाई चलती रही।बता दें कि बुधवार को जब नगर निगम ने कार्रवाई शुरु की और कुछ गुमटियों को लादा गया तो पटरी ठेला व्यवसायी संगठन के महासचिव अभिषेक निगम ने विरोध विरोध किया था। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने अधिकारियों से बातचीत कर दुकान हटाने के लिए फेरी पटरी वालों को दो दिन का समय दिलाया। नगर निगम ने कैंट स्टेशन के सामने पुल के नीचे नाइट मार्केट को बसाया था, लेकिन इसके संचालन के लिए श्रेया कंपनी के साथ अनुबंध किया गया था।

कंपनी की ओर निर्धारित मानकों को पूरा न करने और शर्तों का उल्लंघन करने पर नगर निगम ने अब इसे हटाने का काम शुरु कर दिया है।पिछले एक सप्ताह से यहां के दुकानदार विरोध कर रह हैं। नगर निगम का कहना है कि अब यह मार्केट अवैध हो गया तो इसे यहां से हटाया जा रहा है। शुक्रवार की देर रात पहुंची टीम ने इसे हटाने की कार्रवाई शुरू की। देर रात तक कार्रवाई जारी रही। नगर निगम के मुताबिक सभी दुकानों को हटाया जाएगा। जो दुकानें बच जाएंगी उन पर शनिवार को कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने स्मार्ट सिटी के साथ मिलकर चौकाघाट लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे नाइट बाजार बनाया। फ्लाईओवर के पिलर को आकर्षक पेंटिंग से सजाया गया था। खानपान की दुकानें खोली गई। संचालन का जिम्मा श्रेया एजेंसी को दिया गया था।नाइट मार्केट के चलते सड़क पर जाम की समस्या बढ़ गई। इतना ही नहीं एजेंसी से जुड़े लोगों ने नगर निगम पर दबाव बनाकर इंग्लिशिया लाइन से कैंट की तरफ आने वाले मार्ग को भी ब्लॉक कर दिया था।

फ्लाईओवर के नीचे गंदगी, जाम की समस्या के साथ वहां अनैतिक गतिविधियों की जानकारी होने पर नगर निगम ने एजेंसी को चेताया था।वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के सामने फ्लाईओवर के नीचे सजे नाइट मार्केट खाली कराने के बाद नगर निगम यहां पर सुंदरीकरण कराएगा। आकर्षक व रंग बिरंगी लाइट की सजावट के साथ ही यात्रियों के लिए बेंच तैयार होंगे।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि प्रस्तावित विकास कार्यों के तहत सीटिंग बेंच, पाथवे, ई-रिक्शा के लिए चार्जिंग स्टेशन, स्कल्पचर एवं डेकोरेटिव लाइट, हॉर्टिकल्चर के कार्य, एडवर्टाइजिंग पैनल, यातायात की सुगमता एवं सुरक्षा के दृष्टिगत टेबल टॉप क्रासिंग आदि कार्य प्रस्तावित हैं।















