कोरम के अभाव में नही हुआ कोटे का आवंटन,बैठक स्थगित
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
स्थानीय विकास खण्ड के जगदीशपुर गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान का आवंटन कोरम के अभाव में एक बार फिर निरस्त हो गई।कोरम पूरा न होने के कारण यह बैठक लगातार चौथी बार रद्द करनी पड़ी।डीएम द्वारा चयन समिति के सदस्य सुबह 11 बजे जगदीशपुर जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में पहुंचे और बैठक की कार्यवाही प्रारम्भ की,लेकिन कोरम के अभाव में एक घण्टे इंतजार के बाद स्थगित कर दी गई।

इस दौरान समिति के सदस्य एडीओ पंचायत अशोक चौबे,एडीओ सहकारिता/सेक्टर प्रभारी प्रियंका मिश्रा, एडीओ एसटी कैलाश यादव,पंचायत सचिव लालबहादुर पटेल व सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर फूलपुर इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।गौरतलब है कि जगदीशपुर की सस्ते गल्ले की दुकान करीब दो वर्ष पहले अनियमितताओं के चलते निरस्त कर दी गई थी।

इसे पास के गांव अमौत से अटैच कर दिया गया था।तब से ग्रामीणों को राशन लेने के लिए करीब तीन किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है,जिससे उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।नई दुकान के आवंटन के लिए गांव की पांच महिला अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।एडीओ पंचायत अशोक चौबे ने बताया कि खुली बैठक में कम से कम आबादी के पांचवें हिस्से की उपस्थिति अनिवार्य है।















