खनन कारोबारी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, मौत
हल्द्वानी।
तहलका 24×7
चोरगलिया थाना क्षेत्र में देर रात एक खनन कारोबारी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया,जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार घटना चोरगलिया क्षेत्र के गजेपुर गांव की है।

यहां रहने वाले खनन कारोबारी कमलेश बेलवाल (35) का देर रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर कमलेश ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े। अंदर पहुंचने पर कमलेश लहूलुहान अवस्था में पड़े मिले। परिजन तत्काल उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरु की।पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ कर दी है।साथ ही परिजनों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है,हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








