चलती ट्रेन से धक्का देने के मामले में जीआरपी के दो सिपाही गिरफ्तार
# आरोपी जीआरपी सिपाहियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज, गये जेल
प्रयागराज।
आर एस वर्मा
तहलका 24×7
मुंबई-हावड़ा मेल में चलती ट्रेन से धक्का देकर अरुण भुइया (35) की मौत के मामले में नामजद जीआरपी के दोनों सिपाहियों शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट के आदेश पर उन्हें वाराणसी जेल में दाखिल करा दिया गया।एसपी ने मामले की गम्भीरता से लेते हुए दोनों आरोपी सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। आरोपियों में कृष्ण कुमार सिंह व आलोक कुमार पांडेय शामिल हैं।

आलोक कानपुर जबकि कृष्ण कुमार रायबरेली का रहने वाला है। उन्हें प्रयागराज से ही पकड़ा गया। पिछले करीब आठ महीनों से दोनों छिवकी स्टेशन पर तैनात थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें वाराणसी ले जाकर भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पेश किया गया। वहां रिमांड मंजूर होने के बाद उन्हें जेल में दाखिल करा दिया गया। उधर, जीआरपी एसपी ने दोनों को निलंबित कर विभागीय जांच के भी आदेश दे दिए हैं। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि दोनों सिपाहियों को जेल भेज दिया गया है।








