चेन चोरी मामले में हिरासत में ली गई महिला की तबीयत बिगड़ी, पुरुष चिकित्सालय में भर्ती
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
कलश यात्रा के दौरान बुधवार को महिला के गले से सोने की चेन पार करने के मामले में हिरासत में ली गई संदिग्ध महिला की गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे उपचार के लिए पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार नगर के श्रीरामपुर मोहल्ला निवासी गिरीश गुप्ता की पत्नी शोभा गुप्ता भागवत कथा से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा में शामिल होने गई थीं। आरोप था कि यात्रा जब लोहा मंडी क्षेत्र में पहुंची, तभी भीड़ का फायदा उठाकर उचक्कों ने उनके गले से लाखों रुपये कीमत की सोने की चेन पार कर दिया। घटना की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने जांच के दौरान दो संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की थी।

गुरुवार सुबह इनमें से एक महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस ने उसे पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. रफीक फारूकी ने बताया कि महिला को फूड प्वाइजनिंग की शिकायत है, जिसका उसका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।








