जयराज-बेनिक्स कस्टोडियल डेथ केस:9 पुलिसकर्मियों को फांसी
# 6 साल बाद मदुरै कोर्ट का बड़ा फैसला,‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ मानते हुए सुनाई सजा
मदुरै/चेन्नई।
तहलका 24×7
तमिलनाडु के चर्चित साथन कुलम कस्टोडियल डेथ मामले में करीब छह साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है।मदुरै की सत्र अदालत ने मामले में दोषी पाए गए 9 पुलिसकर्मियों को मौत की सजा सुनाई है।कोर्ट ने इस जघन्य घटना को“रेयरेस्ट ऑफ रेयर”श्रेणी में रखते हुए अधिकतम सजा दी।यह मामला 19 जून 2020 का है,जब लॉकडाउन के दौरान तूतीकोरिन जिले में पिता पी.जयराज और उनके बेटे जे. बेनिक्स को पुलिस ने दुकान खुली रखने के आरोप में हिरासत में लिया।

आरोप है कि थाने में दोनों को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनकी मौत हो गई।इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया था और पुलिस हिरासत में हिंसा को लेकर गंभीर सवाल उठे थे।मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।लंबी सुनवाई के दौरान 100 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए गए।अदालत ने 23 मार्च 2026 को सभी 9 आरोपियों को दोषी ठहराया, और सजा सुनाई।सुनवाई के दौरान अदालत ने टिप्पणी की कि आरोपियों ने कानून की रक्षा करने के बजाय उसका घोर उल्लंघन किया।

फैसले में कहा गया कि घटना का विवरण पढ़कर ही रुह कांप जाती है, इसलिए इसे दुर्लभतम मामलों में रखते हुए मृत्युदंड दिया गया।अदालत ने दोषी पुलिसकर्मियों को मृत्युदंड के साथ पीड़ित परिवार को करीब 1.40 करोड़ रुपये मुआवजा देने का भी आदेश दिया है।इस फैसले को मानवाधिकारों की रक्षा और पुलिस जवाबदेही की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है,हालांकि कानूनी प्रक्रिया के तहत दोषियों को ऊपरी अदालत में अपील का अधिकार रहेगा।
















