ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में दबंगों का कहर, घर में घुसकर पूरे परिवार को पीटा
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि मामूली कहासुनी को लेकर एक परिवार पर घर में घुसकर हमला कर दिया गया। घटना रिंग रोड चौकी क्षेत्र स्थित आदर्श नगर, चेतना स्कूल के पास की बताई जा रही है।पीड़ित परिवार के अनुसार कुछ लोगों ने मामूली विवाद के बाद अचानक घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों समेत पूरे परिवार की बेरहमी से पिटाई की।

आरोप है कि हमलावरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ भी की और सामान को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान परिवार के सभी सदस्यों को गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों का कहना है कि दबंगों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए, हालांकि घटना की पूरी वारदात कैमरे में कैद हो चुकी है। घायल अवस्था में पूरा परिवार थाने पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी थी।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस द्वारा अब तक आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है। इस संबंध में पुलिस का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।








