पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी, 5 की मौत, 45 घायल
# लुधियाना से मोतिहारी जा रही थी बस, चालक हिरासत में
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पंजाब प्रांत के लुधियाना से बिहार के मोतिहारी जा रही प्राइवेट डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 45 लोग घायल हो गए।पुलिस के अनुसार घटना दोपहर करीब तीन बजे किमी संख्या 11.6 के पास हुई।

बस संख्या HR55 AF 1323 अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गोसाईगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरु किया। घायलों को सीएचसी गोसाईगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रुप से घायलों को एंबुलेंस से शहर के अस्पतालों में रेफर किया गया। पीजीआई के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में 31 घायलों का इलाज चल रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सुरक्षित यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई।हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जिनमें बीरेंद्र (30) पुत्र सिकंदर राव, अंजली (8) पुत्री अज्ञात, प्रियांशु (15) पुत्र अज्ञात, एक छह वर्षीय बालक नाम-पता अज्ञात, एक लगभग 30 वर्षीय पुरुष नाम-पता अज्ञात है, वहीं कुछ मृतकों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक बस चालक सोमपाल पुत्र दारा सिंह निवासी नौल्था थाना इसराना, जिला पानीपत हरियाणा को हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ थाना संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।








