प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हुई मौत पर डीएम ने अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हुई मौत पर डीएम ने अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

जौनपुर।
गुलाम साबिर 
तहलका 24×7 
               शहर में बुधवार सुबह प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हुई दर्दनाक दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित शास्त्री ब्रिज पर सुबह लगभग 8 बजे उमरपुर, हरिबंधनपुर निवासी संदीप तिवारी (40) अपनी बेटी को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक चाइनीज मांझे की जद में आ गई, जिससे उनके गले पर गंभीर घाव हो गया।
स्थानीय लोगों ने उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे “अत्यंत दुखद और चिंताजनक” बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेश के तहत सिंथेटिक या नायलॉन से बने चाइनीज मांझे पर खरीद-फरोख्त, भंडारण और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बावजूद बाजार में इसकी उपलब्धता और उससे हो रही जानलेवा घटनाएं गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करती हैं।
जिलाधिकारी ने साफ किया कि प्रतिबंधित मांझा बेचने या उपयोग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अनिवार्य है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति ऐसा मांझा न खरीदे और न ही उड़ाए। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा कदम उठाते हुए डीएम ने नगर मजिस्ट्रेट, सभी एसडीएम और क्षेत्राधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बाजारों में निगरानी बढ़ाने, संभावित दुकानों की जांच करने और प्रतिबंधित मांझा जब्त करने का आदेश जारी किया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिस क्षेत्र में चाइनीज मांझा बिकता पाया जाएगा या ऐसी घटना होगी, वहां के जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिले में इस घटना के बाद लोगों में भी रोष और चिंता व्याप्त है। प्रशासन उम्मीद कर रहा है कि अभियान के बाद ऐसी दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सकेगी।
Previous articleकफ सीरप मामले में ईडी की इंट्री 
Next articleएसआईआर अभियान: 3 लाख 19 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?