फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, परिवार में कोहराम
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7. क्षेत्र के उसरा भादी गांव में गुरुवार की रात विवाहिता का शव बंद कमरे में पंखे के सहारे दुपट्टे से लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरु की।उक्त गांव निवासी संजीव कुमार की पत्नी मनीता उर्फ पूनम का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला।

सास सुनीता देवी ने जब बहू को इस हालत में देखा तो तुरंत पति और बड़े बेटे उमेश को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जेठ उमेश ने फंदा काटकर उसे उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दी गई। शुक्रवार सुबह मायके से पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

दोपहर में पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।बताया जाता है कि मृतका मनीता उर्फ पूनम निवासी सरपतहा थाना क्षेत्र के सराय मोहिद्दीनपुर का विवाह अप्रैल 2025 में उसरा भादी गांव निवासी रामचंदर के मझले बेटे संजीव कुमार के साथ हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार शादी को अभी लगभग दस माह ही हुए थे, ऐसे में हुई इस घटना से कई सवाल उठ रहे हैं।

परिवार के मुताबिक घटना के समय पति संजीव कुमार वाराणसी में थे। ससुर वाहन लेकर बाहर गए थे और बड़ा भाई टेम्पो लेकर बाजार गया था। घर पर केवल मृतका और उसकी सास मौजूद थीं।प्रभारी निरीक्षक किरन कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।








