बुजुर्ग महिला की पुश्तैनी जमीन पर‘जंग’, प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
जौनपुर, शाहगंज।
एख़लाक खान
तहलका 24×7
कहते हैं कि जमीन सिर्फ मिट्टी का टुकड़ा नहीं होती, वह पीढ़ियों की यादों और अधिकार का प्रमाण होती है।क्षेत्र की बुजुर्ग महिला सरला देवी आज अपनी उसी पुश्तैनी जमीन को बचाने की लड़ाई लड़ रही हैं।नगर के पुराना चौक मोहल्ला निवासी पीड़िता सरला देवी का आरोप है कि उनकी पैतृक भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण का प्रयास किया जा रहा है।

इस संबंध में न्यायालय का आदेश और पुराने राजस्व अभिलेख उनके पक्ष में हैं, इसके बावजूद निर्माण की गतिविधियां रुक नहीं रही हैं।पीड़ित महिला का दावा है कि उन्होंने संबंधित तहसील व प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है।न्यायालय के आदेश के बावजूद मौके पर निर्माण सामग्री पहुंचना और काम शुरु होना उनके लिए चिंता और असुरक्षा का कारण बन गई है।

एक वरिष्ठ नागरिक होने के नाते उन्होंने जिला प्रशासन से सुरक्षा और तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।सरला देवी ने जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए कहा है कि उन्हें न्याय दिलाया जाए और अवैध कब्जे को तत्काल रोका जाए।उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय के आदेशों की गरिमा पर भी प्रश्नचिह्न लग जाएगा।

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन यदि मौके पर जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई करे तो विवाद का समाधान संभव है।एक बुजुर्ग महिला की यह लड़ाई केवल जमीन की नहीं, बल्कि न्याय और अधिकार की है।देखना होगा कि व्यवस्था उनकी उम्मीदों पर कितना खरी उतरती है।फिलहाल उक्त प्रकरण में संबंधित लेखपाल चर्चा का विषय बना है।








