भतीजे ने चाचा को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

भतीजे ने चाचा को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

नालंदा।
तहलका 24×7
              बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले नालंदा में खूनी खेल देखने को मिला।जमीन विवाद में एक शख्स को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश शुरु कर दी। वारदात जिले की हरनौत थाना क्षेत्र के फलहनवा गांव की है।मृतक की पहचान गांव निवासी धुरी सिंह के 48 वर्षीय बेटे चंद्रदीप यादव के रुप में हुई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना उस वक्त हुई, जब चंद्रदीप प्रसाद धान की फसल काटकर खलिहान में पुंज लगा रहे थे। इसी दौरान भूमि विवाद को लेकर विवाद हो गया।विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गोलीबारी शुरु कर दी। परिजनों का कहना है कि फायरिंग के दौरान एक गोली चंद्रदीप यादव के चेहरे पर लग गई। गंभीर रुप से घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ ले जाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी सुलेखा देवी ने कैलाश यादव के बेटे भुना यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। कुछ वर्ष पूर्व तीन बीघा जमीन का आपसी बंटवारा हो चुका था। इसके बावजूद आरोपित पक्ष ने करीब तीन बीघा जमीन अपनी बहू के नाम करा ली। अब एक कट्ठा जमीन पर भी जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। मेरे पति उसी जमीन के धान की फसल को खलिहान में सहेज रहे थे, तभी लोगों ने हमला कर दिया और गोली मार दी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी, मौके पर हरनौत थानाध्यक्ष टीम के साथ पहुंचे और मामले की जांच शुरु की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
सदर डीएसपी संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरु कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में मामला भूमि विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
Previous articleबीडीओ व डिप्टी सीवीओ ने गौशाला का किया निरीक्षण, दिए निर्देश
Next articleदिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी में हाई अलर्ट, सीएम योगी बोले- अफसर फील्ड में उतरें
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?