लालू ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से निकाला, कहा- इनके संस्कार हमारे अनुरूप नहीं
पटना।
तहलका 24×7
लालू यादव ने बड़े बेटे तेज प्रताप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से निकाल दिया है। लालू यादव ने अपने एक्स प्रोफाइल के माध्यम से इसकी घोषणा की है।लालू यादव ने कहा कि निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है।

परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है। अपने निजी जीवन का भला-बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम हैं।लालू यादव ने कहा कि उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है।

दरअसल, तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से शनिवार को एक पोस्ट किया गया था।जिसमें तेज प्रताप यादव ने अपने 12 साल पुराने दोस्त अनुष्का यादव के साथ रिलेशनशिप की बात कही थी। इसके अलावा उनके सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी कहा गया था कि वह अनुष्का यादव से प्यार करते हैं। हालांकि तेज प्रताप यादव ने 11 बजे रात में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया, कहा कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट को हैक कर लिया गया है। उनके और उनके परिवार के लोगों को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उसपर एआई जेनरेटेड तस्वीर साझा किया गया है जो फेक है।

मैं सुभचिंतकों और फॉलोवर्स से अपील करता हूं कि वे सतर्क रहें और किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें।इस तरह की खबर आने के बाद प्रदेश में सियासत भी चरम पर है, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने लालू परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दारोगा बाबू की पोती ऐश्वर्या (तेज प्रताप की पत्नी) के साथ गलत हुआ है। इसका बदला आने वाले चुनाव में लिया जाएगा। तेज प्रताप जब किसी के साथ रिलेशनशिप में थे तो फिर किसी लड़की की जिंदगी बर्बाद करने का अधिकार लालू परिवार को किसने दिया?

कहीं ऐसा तो नहीं है कि किसी “सिन्हा” के चक्कर में लालू परिवार अनुष्का यादव की ज़िंदगी भी बर्बाद करवा दें? इसका जवाब लालू परिवार को देश के सामने देना होगा। लालू यादव की कार्रवाई के बाद छोटे बेटे पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी अपने बयान में साफ कहा कि यह उन्हें पसंद नहीं और ना ही इसे बर्दाश्त करेंगे। उन्होंने कहा कि वे बिहार की जनता के लिए काम करते हैं। उनके दुख-सुख में साथ हैं। जहां तक मेरे बड़े भाई की बात है, राजनीतिक और निजी जीवन अलग होता है। निजी जीवन के निर्णय लेने का उनका अधिकार है।

बता दें कि बिहार के पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय से 12 मई 2018 को तेज प्रताप की शादी हुई थी। कुछ दिन ठीक रहा, लेकिन परिवारिक कारण से एक साल के अंदर ही इनकी पत्नी अलग रहने लगी। हालांकि दोनों के बीच तलाक नहीं हुआ है। परिवार से अलग होने का कारण ऐश्वर्या ने राबड़ी देवी को बताया था, कहा था कि उन्हें बुरी तरह से प्रताड़ित किया जाता है। उनके साथ मारपीट की जाती है। महिला उत्पीड़न का मामला कोर्ट तक पहुंचा। मामला पटना के फैमिली कोर्ट में चल रहा है। दोनों के बीच कानूनी बाधा के कारण तलाक नहीं हो पाया है। वहीं इसी बीच तेज प्रताप यादव से संबंधित पोस्ट को लेकर चर्चा तेज हो गयी है।















