सपा सांसद के घर के पास पुलिस चौकी का निर्माण शुरू
# आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी 3 मंजिला पुलिस चौकी की इमारत
संभल।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के संभल में बीते साल 24 नवंबर को शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुए बवाल के बाद पुलिस प्रशासन सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रहा है। जामा मस्जिद के सामने सत्यव्रत पुलिस चौकी निर्माण कार्य शुरू कराया, वहीं अब सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर के पास दीपा सराय में एक और नई पुलिस चौकी का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।पुलिस की मानें तो दीपा सराय इलाका अपराधियों की दृष्टि से संवेदनशील है।

इसीलिए यहां अपराधियों की निगरानी रखने और अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस चौकी का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। यह पुलिस चौकी भी सत्यव्रत पुलिस चौकी की तरह आधुनिक और तीन मंजिला होगी। एएसपी श्रीश चंद्र, असमोली सीओ कुलदीप सिंह, नखासा थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह दलबल के साथ सपा सांसद बर्क के मोहल्ला दीपा सराय अजमल चौक पहुंचे।अधिकारियों ने यहां पर नवीन पुलिस चौकी के लिए सबसे पहले जमीन की नापी की। इसके बाद खोदाई कार्य शुरू कराया।

अधिकारियों ने नवीन पुलिस चौकी का निर्माण कार्य शुरू होने पर मिष्ठान वितरण भी कराया।एएसपी श्रीश चंद्र ने बताया कि दीपा सराय अपराधियों की दृष्टि से काफी संवेदनशील इलाका है। आतंकवादी संगठनों के सदस्य, तस्कर और अधिकांश अपराधी यहां निवास करते हैं, जिनकी निगरानी और रोकथाम के लिए चौकी का निर्माण आवश्यक था। इसी लिए यहां चौकी का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।कहा 24 नवंबर की हिंसा में भी काफी लोग यहां के शामिल थे और संदिग्ध रहे।

उनकी गिरफ्तारी भी की गई। शीघ्र ही चौकी का निर्माण कार्य पूर्ण कराकर अपराधों की रोकथाम के लिए नई दिशा प्रदान की जाएगी। यह चौकी लगभग एक हजार स्क्वायर फीट की और तीन मंजिला होगी। उन्होंने बताया कि यहां शारिक साठा, उस्मान जो कि पाकिस्तान की जेल में बंद हैं और सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का मकान भी है। यहां काफी अपराधी भी निवास करते हैं। अपराधियों की निगरानी के लिए चौकी का निर्माण कराया जा रहा है।














