सास की मौत का सदमा नहीं झेल सकी बहू, घंटेभर बाद हुई मौत
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
आज के दौर में सास-बहू का इतना आत्मीय लगाव कम ही देखने को मिलता है। कई वर्षों से अस्वस्थ सास की देखभाल करने वाली बहू उनके निधन का दु:ख सहन नहीं कर सकी। एक घंटे के भीतर ही रोते-रोते उसने भी दम तोड़ दिया। रामपुर थाना क्षेत्र के भरथीपुर गांव में मंगलवार की दोपहर हुई यह मर्माहत कर देने वाली घटना गांव में चर्चा का विषय बन गई है।

गांव के स्व. राजनाथ सिंह का भरा-पूरा परिवार है। उनकी 77 वर्षीय पत्नी विमला देवी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उपचार के दौरान दोपहर में घर पर ही उनका देहांत हो गया। उनकी देखरेख करने वाली बहू 50 वर्षीय निशा सिंह पत्नी अशोक सिंह को गहरा सदमा पहुंचा।

रोते-रोते एक घंटे बाद वह बेसुध होकर गिर गईं।परिवार के लोग निशा सिंह को आनन-फानन एक निजी अस्पताल ले गए।डाक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।सास बहू की मौत से परिवार में कोहराम मचा रहा, वहीं गांव में भी सन्नाटा पसर गया।








