सेंवई नाले में डूबे युवक का दूसरे दिन मिला शव,मचा कोहराम
# तीन बहनों में अकेला भाई था मृतक
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
शेरापट्टी गांव में सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया।दोस्तों के साथ नहाने गया 24 वर्षीय दीपू यादव सेंवईं नाले के चेकडैम के पास तेज बहाव में डूब गया।नाले में पानी की आपूर्ति बंद कराने के बाद गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से लगभग 18 घंटे बाद उसका शव घटनास्थल से लगभग डेढ़ किमी दूर ओइना गांव के बंधे के पास मिला।घर के इकलौते पुत्र का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया।

लोरिक यादव का पुत्र दीपू घर से करीब एक किलोमीटर दूर चार दोस्तों के साथ नहाने गया था।चेकडैम के पास तेज बहाव के चलते वह गहरे पानी में चला गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह लहरों में ओझल हो गया।मृतक दीपू प्रयागराज में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा था।वह परिवार का इकलौता पुत्र था और उसी के सहारे घर के बेहतर भविष्य के सपने देखे जा रहे थे।

असमय हुई मौत ने परिवार के अरमानों को एक झटके में तोड़ दिया।बेटे का शव मिलते ही घर में कोहराम मच गया।मां रीता देवी बेसुध होकर बार-बार बेटे का नाम पुकारती रहीं। पिता लोरिक यादव की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।तीनों बहनों में शकुन्तला और साधना विवाहित हैं।वे अपनी ससुराल में है।छोटी बहन मोनिका का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी रही और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध नजर आया।गांव में सन्नाटा पसरा रहा, हर आंख नम दिखी।थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

















