10 वर्षों के कानूनी संघर्ष के बाद मिला नियुक्ति पत्र,अभ्यर्थियों में खुशी की लहर
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
29,334 गणित-विज्ञान शिक्षक पदों से जुड़े अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया।करीब दस वर्षों के कानूनी संघर्ष के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए गए।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने के बाद अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।ये सभी अभ्यर्थी वर्ष 2014 में प्रदेश के विभिन्न जिलों में काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी कर चुके थे, लेकिन उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिल सका था।

मामले को लेकर वर्ष 2016 में इलाहाबाद हाईकोर्ट में पहली याचिका दाखिल की गई थी।वर्ष 2017 में कोर्ट ने अभ्यर्थियों के पक्ष में फैसला सुनाया,लेकिन सरकार द्वारा आदेश का अनुपालन न किए जाने पर 2018 में अवमानना याचिका दाखिल की गई।बाद में सरकार डिवीजन बेंच में गई,जहां उसकी याचिका खारिज कर दी गई और सिंगल बेंच का फैसला बरकरार रखा गया। इसके बाद सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया,जहां से भी अभ्यर्थियों को राहत मिली और नियुक्ति पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।

जनपद जौनपुर में कुल 18 अभ्यर्थियों को मूल अभिलेखों के सत्यापन के लिए बुलाया गया था। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सोमवार को योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंप दिए गए।गौरतलब है कि इन पदों के लिए वर्ष 2013 में विज्ञापन जारी किया गया था और अधिकांश अभ्यर्थियों को 2015 में ही नियुक्ति मिल गई थी,जबकि शेष अभ्यर्थियों को न्याय के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा।नियुक्ति पत्र मिलने पर कुंवर विक्रम सिंह,अमित मिश्रा,प्रदीप यादव,भूपेश त्रिपाठी और शैलेश गुप्ता सहित अन्य अभ्यर्थियों ने खुशी जाहिर की।


















