दलित परिवार पर दबंगों का हमला, लाठी-डंडों से पीटा,दो महिला घायल
# तहरीर देकर कार्रवाई की मांग, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
जौनपुर।
अखलाक खान
तहलका 24×7
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लोहता गांव में रविवार को दबंगों ने एक दलित परिवार पर हमला कर दिया। हमले में दो महिलाएं घायल हो गईं,जबकि आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ और लूटपाट भी की।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।पीड़ित जियालाल गौतम की पत्नी आशा देवी (43) के अनुसार,वह घर में काम कर रही थीं तभी करीब डेढ़ दर्जन की संख्या में आए लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस गए।

आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर के बाहर बंधे मवेशियों को खोलकर भगा दिया,फिर आशा देवी और उनकी जेठानी गंगाजली पर हमला कर दिया।दोनों महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं।पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने मारपीट के दौरान अभद्रता की,कपड़े फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हमलावरों ने घर के सामने बनी रिहायशी मड़ई को गिरा दिया और अंदर रखा सामान भी तोड़ दिया।आरोप है कि हमलावर भूसा,चावल,गेहूं सहित अन्य राशन और सामान लूट ले गए।

परिवार के मुताबिक,सभी हमलावर मुंह बांधे हुए थे। किसी तरह जान बचाकर भागे पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।घटना के बाद से पूरा परिवार सहमा हुआ है।इस संबंध में पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


















