दालमंडी चौड़ीकरण की रफ्तार तेज: गिराया गया आठवां मकान

दालमंडी चौड़ीकरण की रफ्तार तेज: गिराया गया आठवां मकान

# चार थानों की फोर्स, पीएसी और आरआरएफ तैनात

वाराणसी।
तहलका 24×7 
              दालमंडी गली के चौड़ीकरण का काम एक बार फिर तेज हो गया है। शनिवार को परियोजना के तहत आठवें मकान का ध्वस्तीकरण किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी द्वारा परचेज किए गए भवन पर कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा कारणों से मकान की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई और आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहा।
नवंबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक के बाद परियोजना को मिशन मोड में लेने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद नवंबर 2025 में लगातार कार्रवाई करते हुए छह मकानों को ध्वस्त किया गया।एसआईआर स्कीम लागू होने के बाद करीब डेढ़ महीने तक काम ठप रहा, जिसे अब दोबारा शुरू कर दिया गया है।बुधवार को दालमंडी स्थित मकान संख्या CK 43/113 को गिराने की प्रक्रिया शुरु हुई थी। तीन मंजिला इस भवन के दो फ्लोर पहले ही तोड़े जा चुके थे।
शनिवार को इसी क्रम में आठवें मकान पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई। किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए इलाके में एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस, पीएसी और आरआरएफ की तैनाती रही। सभी एंट्री पॉइंट्स को सील कर दिया गया।दालमंडी गली को मॉडल सड़क के रुप में विकसित किया जाना है। प्रधानमंत्री ने अपने 51वें काशी दौरे के दौरान इस परियोजना का शिलान्यास किया था। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से 215.88 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
कुल 186 भवन और दुकानों के स्वामियों को लगभग 191 करोड़ रुपये मुआवजे के रुप में दिए जाएंगे। नई सड़क से चौक थाने तक करीब 650 मीटर की दालमंडी गली को 60 फुट चौड़ा किया जाएगा। इसमें 30 फुट की मुख्य सड़क और दोनों ओर 15-15 फुट चौड़ी पटरियां होंगी। बिजली, सीवर और पानी की लाइनें अंडरग्राउंड की जाएंगी तथा ऊपर फैले तारों का जाल हटाया जाएगा।विभागीय अधिकारियों के अनुसार चौड़ीकरण के बाद बाजार में आवाजाही सुगम होगी और कारोबारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सभी भवनों का चिन्हांकन और पंजीकरण पूरा कर लिया गया है। मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरु की जाएगी।
Previous articleपूर्व पुलिस अधिकारी के स्मृति में लगा रक्तदान शिविर
Next articleमकर संक्रांति: बाजार में छाई रौनक, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?