प्रेम में दीवानी युवती दोबारा हाईटेंशन टावर पर चढ़ी,पुलिस ने फिर उतारा
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
प्रेमी से शादी कराने की जिद पर अड़ी एक युवती ने गुरुवार को एक बार फिर हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।बताया जाता है कि क्षेत्र के एक गांव की 19 वर्षीया युवती का आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के नंदाव गांव निवासी युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध है।परिजनों के विरोध के कारण कुछ माह पूर्व युवती प्रेमी के साथ फरार हो गई थी।

बाद में पुलिस ने दोनों को बरामद कर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेज दिया था।हाल ही में युवक के जमानत पर छूटने की जानकारी मिलने के बाद युवती फिर से उससे विवाह कराने की जिद पर अड़ गई।मंगलवार को भी युवती ने इसी मांग को लेकर आजमगढ़ सीमा से सटे बैरकडीह गांव स्थित 1.32 लाख वोल्ट के हाईटेंशन टावर पर चढ़कर हंगामा किया था,जिसे पुलिस ने समझाकर नीचे उतार दिया था और घर भेज दिया था।

गुरुवार को युवती फिर से उसी टावर पर चढ़ गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतरवाया।पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।















