महाराष्ट्र के दो ड्रग तस्कर लखनऊ में गिरफ्तार 

महाराष्ट्र के दो ड्रग तस्कर लखनऊ में गिरफ्तार 

# केमिकल से बनाते थे नकली ब्राउन शुगर, नेपाल भागने का था प्लान

लखनऊ। 
तहलका 24×7 
              यूपी एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को चारबाग रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर दो शातिर तस्कर भावेश चौहान और शोएब अशरफ को गिरफ्तार किया।दोनों आरोपी महाराष्ट्र के मीरा-भायंदर वसई-विरार क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक बड़े मामले में वांछित थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए।
गिरोह बाजार में मिलने वाले सामान्य केमिकल का मिश्रण कर नकली ब्राउन शुगर तैयार करता था और उसे असली बताकर ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था।आरोपी पिछले 4-5 सालों से इस धंधे में सक्रिय थे और उनका नेटवर्क महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में फैला हुआ है।5 फरवरी 2026 को वसई-विरार में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ पकड़े जाने के बाद दोनों मुंबई छोड़कर फरार चल रहे थे।
महाराष्ट्र पुलिस के सहायक पुलिस निरीक्षक यशपाल सूर्यवंशी ने लखनऊ एसटीएफ मुख्यालय से सहयोग मांगा था। एसटीएफ डीएसपी धर्मेश कुमार शाही के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली कि आरोपी चारबाग टेम्पो स्टैंड पर मौजूद हैं और वहां से निकलने की कोशिश में हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मुंबई से भागकर लखनऊ आए और यहां से सड़क मार्ग या ट्रेन के जरिए नेपाल सीमा पार करने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र पुलिस दोनों तस्करों को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।एसटीएफ अब यह भी पता लगा रही है कि लखनऊ में रुकने के दौरान इन्होंने किन स्थानीय लोगों से मदद ली थी और क्या राजधानी में भी इनका कोई छोटा नेटवर्क सक्रिय है।
Previous articleसंस्कार भारती का 15वां नववर्ष महोत्सव सम्पन्न
Next articleफेक आईडी से टिकट पर यात्रा कर रहे दो यात्री गिरफ्तार
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?