रसोई गैस संकट पर कांग्रेस का हल्ला बोल
# महंगाई और सिलेंडर किल्लत को लेकर राष्ट्रपति के नाम बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
देश में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लाक मुख्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी के प्रतिनिधि एडीओ पंचायत अजय कुमार मिश्रा को सौंपा।

धरना को संबोधित करते हुए ब्लाक अध्यक्ष विपिन शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण देश में अफरा तफरी का माहौल बना है। आम उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला सचिव विनोद त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि आपदा के समय में भी एलपीजी घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी कर सरकार ने जनता की जेब पर सीधा प्रहार किया है।

कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने कहा केंद्र सरकार की विफलताओं की सजा आम जनता भुगत रही है। देश में महंगाई चरम पर है और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों से गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग की कमर टूट चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर चुनावी गतिविधियों में व्यस्त है।
प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस शाहगंज के विधानसभा अध्यक्ष रत्नेश यादव, सोशल मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र यादव, परवेज अहमद, बाढूराम बिंद, शेषनाथ यादव, लल्ला तिवारी, महेन्द्र गौतम, प्रमोद यादव, अवधेश शर्मा, भारत लाल, रामधारी पाल, सैयद रुमान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















