23.1 C
Delhi
Friday, February 6, 2026

सुल्तानपुर : मोमबत्ती की रोशनी में स्टाफ नर्स ने कराया प्रसव, नवजात की मौत

सुल्तानपुर : मोमबत्ती की रोशनी में स्टाफ नर्स ने कराया प्रसव, नवजात की मौत

सुल्तानपुर।
ज़ेया अनवर
तहलका 24×7
                  भदैंया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती गर्भवती को प्रसव पीड़ा उठने पर स्टाफ नर्स ने मोमबत्ती की रोशनी में प्रसव कराया। इस बीच गर्मी के साथ ही नवजात को बेहतर चिकित्सीय सेवा नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई। नवजात की मौत से नाराज परिजनों ने सीएचसी पर जमकर हंगामा किया। नवजात के पिता ने स्वास्थ्य विभाग के टोल फ्री नंबर पर घटना की शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारी मामले से अनभिज्ञता जता रहे हैं।
कोतवाली देहात क्षेत्र के अभियाकलां निवासी अजय कुमार मौर्या की पत्नी सीतांजलि गर्भवती थीं। शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजन सीतांजलि को लेकर सीएचसी भदैंया पहुंचे। रात करीब दस बजे बिजली चली गई और पूरे अस्पताल में अंधेरा छा गया। इसी बीच रात करीब साढ़े ग्यारह बजे सीतांजलि की प्रसव पीड़ा बढ़ गई। परिजनों के मुताबिक ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ललिता ने मोमबत्ती जलाकर सीतांजलि का प्रसव कराया।
सीतांजलि ने कन्या को जन्म दिया लेकिन दस मिनट बाद ही अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। तब स्टाफ नर्स ललिता को इसकी जानकारी दी गई। नर्स ने मौके पर पहुंचकर इसकी सूचना ड्यूटी पर तैनात नेत्र चिकित्सक विनय कुमार वर्मा को दी। इस बीच नवजात की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। नवजात की हालत ज्यादा खराब होने पर चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन नवजात को जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुटे थे कि उसकी मौत हो गई।
नवजात की मौत होने पर परिजनों ने सीएचसी पर जमकर हंगामा काटा। अजय कुमार मौर्या ने घटना की शिकायत स्वास्थ्य विभाग के टोल फ्री नंबर पर दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। नवजात की मौत होने के बाद परिजन रात में ही सीतांजलि को डिस्चार्ज कराकर घर लेकर चले गए।

# जनरेटर होने के बाद भी नहीं होता चालू

सीएचसी भदैंया में जनरेटर लगा है। यह जनरेटर यदा-कदा मंत्री या उच्चाधिकारियों के दौरे व विशेष आयोजन पर ही चलाया जाता है। शुक्रवार की रात में भी बिजली कटौती होने पर सीएचसी में जनरेटर नहीं चलाया गया। शनिवार को भी बिजली कटौती होने पर जनरेटर नहीं चला। सीएचसी में लगे इन्वर्टर से केवल चिकित्सकों के कक्ष में ही लाइट की व्यवस्था की गई है। अजय कुमार मौर्य ने बताया कि शुक्रवार की रात जब स्टाफ नर्स उनकी पत्नी को प्रसव कराने के लिए ले जा रही थी, तब अंधेरा था। अजय ने स्टाफ नर्स से जनरेटर चालू कराने की बात कही। इस पर नर्स ने बताया कि जनरेटर नहीं चलता है।

# घटना की नहीं जानकारी, होगी जांच- सीएमओ

सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी ने बताया कि नवजात शिशु की मौत की घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। घटना की जांच कराकर जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

तहलका संवाद के लिए नीचे क्लिक करे ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓

Loading poll ...

Must Read

Tahalka24x7
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?

प्रेम प्रपंच में बाधक बन रही भाभी को चचेरे देवर ने उतारा मौत के घाट

प्रेम प्रपंच में बाधक बन रही भाभी को चचेरे देवर ने उतारा मौत के घाट # परदेश से साथ आकर...

More Articles Like This