सुल्तानपुर : अधेड़ की हत्या में छह पर मुकदमा दर्ज, एक गिरफ्तार, असलहा बरामद
सुल्तानपुर। ज़ेया अनवर तहलका 24×7 शहर से सटे पौशाला के पास शनिवार की रात गोली मारकर अधेड़ की हत्या करने की घटना में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ असलहा बरामद किया है। फरार अन्य पांच आरोपियों की पुलिस की टीमें तलाश कर रही हैं।
नगर क्षेत्र घरहाखुर्द गांव निवासी मोईन (48) शनिवार की रात आठ बजे गांव के समीप पौशाला में एक चाय की दुकान पर बैठे थे। बाइक से पहुंचे हमलावरों ने मोईन को निशाना बनाते हुए असलहे से फायर कर दिया। गोली लगते ही मोईन चाय की दुकान के पास ही गिर पड़े थे। परिजन मोईन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर फैय्याज समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हत्या में शामिल मुख्य आरोपी फैय्याज को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त असलहा भी बरामद कर लिया गया है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।