जमीन हड़पने की नीयत से घर बुलाकर किया जानलेवा हमला, आधा दर्जन गंभीर
# आक्रोशित ग्रामीणों ने घंटों किया सड़क जाम, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर मोहल्ले में दबंगों ने जमीन हड़पने की साजिश में एक पक्ष के युवक को घर बुलाकर उसपर जानलेवा हमला किया। बचाने के लिए गई महिलाएं और पुरुषों को भी पीटकर जख्मी कर दिया। दबंगई से त्रस्त ग्रामीणों ने शाहगंज बाईपास पर चक्का जाम कर दबंगई का विरोध जताया। घटना रविवार सुबह लगभग 8:30 बजे की है।बताते हैं कि सावन कुमार मौर्य पुत्र जय सिंह मौर्य अपने घर पर मौजूद थे।

एक व्यक्ति ने चल रहे विवाद को बातचीत से हल करके निपटा लेने के बहाने बुलाकर विपक्षी के घर ले गया। जैसे ही सावन दबंग के घर पहुंचा उसपर चाकू व लाठी डंडे से हमला कर दिया। घटना की जानकारी जब सावन के परिजनों को लगी तो सभी लोग भाग कर वहां पहुंचे, जहां उनके पुत्र को बेरहमी से पीटा जा रहा था। परिजनों को देखकर दबंगों ने उनपर भी जानलेवा हमला कर दिया। मौके पर पहुंची सावन की मां किरण देवी, नानी प्रेम देवी, पत्नी, शिवाजी मौर्य, नीरज मौर्य पुत्र शिवाजी मौर्य, धीरज मोर्य को भी पीट कर गंभीर रुप से घायल कर दिया।

सभी घायल जमीन पर गिरकर तड़प रहे थे।सूत्र बताते हैं कि जिस समय दबंग घटना को अंजाम दे रहे थे बड़ी संख्या में लोग तमाशाई बने देख रहे थे।दबंग घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।तब लोगों ने सभी घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल ले गये।दबंगों ने इतनी बुरी तरह से पीटा है कि किरण देवी का हाथ और पैर दोनों टूट गया है।इस घटना में घायल सभी लोगों की हड्डियां कहीं ना कहीं से टूट गई है।घटना के बारे में बताया गया है कि किरन देवी की माता प्रेम देवी के नाम एक कीमती जमीन है जिसको दबंग जबरदस्ती हथियाना चाहता है।

पीड़ित किरण देवी का कथन है कि आज की घटना के पूर्व यह विवाद लगभग ढाई साल से चल रहा है।दबंगों द्वारा कई बार उसके परिवार पर हमला किया गया, जिसमें पुलिस द्वारा हल्की धाराओं में मामला दर्ज करने के कारण प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई जिसके कारण आज घटना घटित हो गई।लगातार दबंगों द्वारा हो रही घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने चौकियां चौराहे शाहगंज जौनपुर मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध जता रहे और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।चक्का जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सूबे के मंत्री गिरीश चंद यादव जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। कुछ ही देर में जिलाधिकारी, एसपी सिटी समेत कई पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंच गए। अधिकारियों ने कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस घटना में घायल सावन कुमार मौर्य को गंभीर चोट लगने के कारण ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है। परिजनों का आरोप है की हमलावरों ने घायलों का मोबाइल फोन भी छीन लिया है और बाइक भी तोड़ दिया।








