सजा सुनते ही कोर्ट से दोषी हुआ फरार
# तलाश में जुटी पुलिस, हत्या के मामले में था जमानत पर
बाराबंकी।
तहलका 24×7
हत्या के एक मामले में कोर्ट ने तीन को दोषी करार दिया। सजा होने के बाद बंदी पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गया। घटना से कचहरी परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने फरार दोषी की तलाश शुरु कर दी।सुबेहा थाना क्षेत्र के रोहना मीरापुर गांव में 2 अगस्त 2016 को एक हत्या हुई थी। मामले में रोहना मीरापुर गांव के रहने वाले सूरज पुत्र मुटरू, मुटरू और गुददर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

बाद में सूरज और गुददर को जमानत मिल गई। मुटरू जेल में बंद था। शनिवार को डीजे राकेश कुमार की कोर्ट में सजा सुनाई जानी थी। जेल में बंद मुटरू को पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची, जबकि जमानत पर रहे सूरज और गुददर अपने वकील के साथ कोर्ट में पहुंचे। लंच के बाद कोर्ट ने सुनवाई करते हुए तीनों को दोषी करार दिया। जबकि सजा सुनाने की तारीख 9 फरवरी नीयत की।कोर्ट ने मोहर्रिर से वारंट बनाने को कहा। मोहर्रिर वारंट बनाने लगे, इस बीच मौके का फायदे उठाकर दोषी सूरज फरार हो गया।

दोषी के फरार होने की जानकारी मिलते ही अफरातफरी मच गई। पुलिस ने बाकी दो दोषियों को सुरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया। सूचना पर सीओ सिटी संगम कुमार समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फरार दोषी सूरज की तलाश में जुट गए। सीओ सिटी ने बताया कि फरार सूरज की तलाश की जा रही है, कुछ लोकेशन मिली है। टीमें लगी हैं जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








