इंसानियत की मिसाल: थाने में बुज़ुर्ग महिला फरयादी को मिला सम्मान और सहारा
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
पुलिस की छवि को लेकर आमतौर पर लोगों के मन में सख्ती और डर का भाव रहता है, लेकिन स्थानीय थाना प्रभारी रामाश्रय राय ने मंगलवार को मानवीय संवेदना की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी क्षेत्र में चर्चा हो रही है।मंगलवार को क्षेत्र के एत्मादपुर गांव निवासी स्व. जेठू पासवान की पत्नी गुंदेई, जिनकी उम्र 100 वर्ष से अधिक बताई जाती है, अपनी फरियाद लेकर थाने पहुंचीं।

बुज़ुर्ग महिला की दयनीय हालत देखकर थानाध्यक्ष का दिल पिघल गया। उनके पैरों में चप्पल नहीं थी और तन पर फटी-पुरानी साड़ी थी। हालत देखते ही थाना प्रभारी ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए महिला को नई साड़ी और चप्पल उपलब्ध कराई, आर्थिक मदद भी दी। इसके बाद उनकी फरियाद गंभीरता से सुनी गई।थाने पर मौजूद लोगों ने यह दृश्य देखकर थाना प्रभारी की सराहना की।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि पुलिस का यह मानवीय चेहरा समाज में विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इसी तरह पुलिस आमजन की समस्याओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करे तो लोगों और पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी स्वतः खत्म हो सकती है। थानाध्यक्ष का यह सराहनीय कदम न केवल इंसानियत की मिसाल है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि वर्दी के पीछे धड़कता दिल भी उतना ही संवेदनशील होता है।















