शाहगंज। एख़लाक खान तहलका 24×7 तहसील क्षेत्र अंतर्गत बद्दोपुर गांव में शुक्रवार को एक ही खानदान के दो लोगों की मौत से कोहराम मच गया। दोनों मृतक रिश्ते में चाचा भतीजा थे। चाचा हार्ट का मरीज था और शाहगंज में डॉक्टरों के रेफर करने के बाद जौनपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। जबकि, भतीजा उन्हें अस्पताल में देखने शाहगंज गया था और घर लौटते वक्त ट्रैक्टर की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया और वाराणसी ले जाते वक्त वो भी जान से हाथ धो बैठा।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के बद्दोपुर गांव निवासी सुरेंद्र बिंद पुत्र बाबूराम (38) को हृदय रोग था। उन्हें शाहगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गांव के ही विजय बिंद पुत्र पन्नालाल, राजन बिंद पुत्र हुम्मेलाल और सचिन बिंद पुत्र उदयराज शुक्रवार को उन्हें देखने आए थे। यहां से एक ही बाइक पर बैठकर घर वापस लौट रहे थे, तभी खुटहन रोड स्थित पूरे आजम के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। बाइक चला रहे युवक सचिन (18) को सबसे ज्यादा चोट आई। डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। आनन फानन में लोग जौनपुर लेकर भागे और वहां से जवाब मिलने पर वाराणसी ले जाने लगे लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, सुरेंद्र की बिगड़ती हालत देख डॉक्टरों ने उसे जौनपुर रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में वो भी चल बसा।
एक ही खानदान में दो आकस्मिक मौतों से गांव में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। युवक सचिन तीन भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता कस्बे के गल्ला मंडी कलेक्टरगंज में पूर्व चेयरमैन स्व. जितेंद्र सिंह के यहां ड्राइवर का काम करते हैं। वहीं, मृतक चाचा सुरेंद्र के परिवार में पत्नी और तीन लड़के हैं। एक बड़ी बेटी भी है जिसकी शादी हो चुकी है।