बेटे ने पिता की हत्या कर शव ड्रम में छिपाया, गुमशुदगी दर्ज कराई

बेटे ने पिता की हत्या कर शव ड्रम में छिपाया,गुमशुदगी दर्ज कराई

लखनऊ। 
विजय आनंद वर्मा 
तहलका 24×7 
                 राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।यहां 21 वर्षीय युवक ने अपने पिता पैथोलॉजी संचालक मानवेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी।वारदात के बाद आरोपी ने शव के टुकड़े कर कुछ हिस्से बाहर फेंक दिए और शेष को घर में रखे ड्रम में छिपा दिया।शक से बचने के लिए उसने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार मृतक मानवेंद्र प्रताप सिंह सेक्टर-एल स्थित अपने आवास में रहते थे और वर्धमान पैथोलॉजी का संचालन करते थे। उनकी पत्नी का निधन करीब सात वर्ष पूर्व हो चुका है। 20 फरवरी की सुबह लगभग 4:30 बजे किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान बेटे अक्षत प्रताप सिंह ने आवेश में आकर पिता को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव के कई टुकड़े किए। कुछ हिस्सों को सदरौना के पास फेंकने की बात सामने आई है, जबकि शेष को प्लास्टिक ड्रम में भरकर घर में छिपा दिया। इसके बाद आरोपी ने लोगों को गुमराह करने के लिए पिता की गुमशुदगी दर्ज करा दी।गुमशुदगी की रिपोर्ट और परिस्थितियों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने जांच तेज की।
तलाशी के दौरान घर से ड्रम में रखा शव बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त असलहे की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
Previous articleधोखाधड़ी में नगर पालिका लिपिक समेत चार जेल भेजे गए
Next articleपूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी, 5 की मौत, 45 घायल
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?