यूपी का अनोखा स्कूल:10 शिक्षक, 19 छात्र… मौके पर मिले सिर्फ 7
# रायबरेली के सरकारी स्कूल में उपस्थिति का हाल बेहाल, संसाधनों के उपयोग पर उठे सवाल
लखनऊ/रायबरेली।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत उजागर करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है।यहां एक सरकारी स्कूल में शिक्षकों की संख्या छात्रों के मुकाबले काफी अधिक है,बावजूद इसके छात्रों की उपस्थिति बेहद कम पाई गई।मामला राजकीय विद्यालय,हरीपुर (निहस्था) का है,जो कानपुर-रायबरेली हाईवे से करीब दो किलोमीटर अंदर और गंगा एक्सप्रेसवे के पास स्थित है।

इस स्कूल में कुल 19 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि यहां 10 शिक्षक तैनात हैं।निरीक्षण के दौरान स्थिति और भी हैरान करने वाली रही।मौके पर केवल 7 छात्र ही उपस्थित मिले।यानी नामांकन और वास्तविक उपस्थिति के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला।इस असंतुलन ने शिक्षा व्यवस्था,शिक्षक तैनाती और सरकारी संसाधनों के सही उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे हालात न सिर्फ सरकारी संसाधनों की बर्बादी की ओर इशारा करते हैं,बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के संकेत दिए हैं।साथ ही,स्कूलों में नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही जा रही है।
















