लोन दिलाने के नाम पर सात महिलाओं से हजारों की ठगी
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
प्राइवेट फाइनेंस कंपनी का एजेंट बनकर 50 हजार रुपए लोन दिलाने के नाम पर दो युवकों ने अलग अलग गांवों से सात महिलाओं से 35 हजार रूपए की ठगी कर फरार हो गए। पीड़ित महिलाओं को ठगों का नाम पता भी नहीं मालूम है। दो अज्ञात ठगों के खिलाफ महिलाओं ने संयुक्त रूप से थाने में तहरीर दिया है।शेरपुर गांव निवासी सविता, सिंगारी, चंद्रकला सहीदुन्निशां, पट्टी नरेंद्रपुर गांव की सरिता, रीमा व रीता का आरोप है कि महीनों पूर्व दो युवक उनके घर आए।

उन्होंने खुद को कल्याणी फाइनेंस कंपनी का एजेंट बताया। कहा कि आप लोगों को यदि हमारी कंपनी से पचास हजार तक का ऋण चाहिए तो हम घर बैठे आपको दिला सकते हैं। बताया कि हमारी कंपनी का एक आफिस पिलकिछा बाजार में संचालित है। आप जाकर खुद पता कर सकती हैं। ऋण लेने से पहले सभी लाभार्थियों को सिक्योरिटी के तौर पर पांच-पांच हजार का बीमा कराना होगा।

उसकी बातों पर भरोसा कर महिलाओं ने उसे पैसे दे दिया। उसने दो दिन बाद उन सभी के खाते में ऋण का पैसे भेजने की बात कही।महीनों बीत जाने के बाद जब खाते में पैसा नहीं आया तो महिलाएं पिलकिछा बाजार में उसका आफिस ढूंढने लगीं। लेकिन वहां उनका कोई आफिस था ही नहीं। थकहार कर महिलाओं ने संयुक्त रूप से दोनों अज्ञात ठगों के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है।
















