सपा के बूथ अध्यक्ष की हत्या, सड़क किनारे मिला शव
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव में देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब सपा के बूथ अध्यक्ष राजेश यादव (50) का शव टेलीफोन एक्सचेंज के पास सड़क किनारे मिला। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सिटी अरविंद कुमार वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की।

हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या राजनीतिक वर्चस्व का कारण हो सकता है। राजेश यादव दूध बेचने का काम करते थे और समाजवादी पार्टी में बूथ अध्यक्ष के रूप में सक्रिय थे। वहीं इस मामले में पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या ने बताया कि राजेश रात आठ बजे रामदयालगंज बाजार से घर लौट रहे थे। उनकी हत्या साजिश की तहत की गई है।

एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपी राहुल यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।















