ममता बनर्जी ने लोकसभा में वंदे मातरम पर चर्चा का किया स्वागत
कोलकाता।
तहलका 24×7
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने लोकसभा में ‘वंदे मातरम’ पर चर्चा शुरु करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कदम का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी पार्टी को इससे कोई आपत्ति नहीं है। बनर्जी ने उत्तर बंगाल की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होने से पहले नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर संवाददाताओं से कहा उन्हें ऐसा करने दीजिए, हमें कोई समस्या नहीं है।

मोदी ने संसद के निचले सदन में वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने पर एक दिन की चर्चा शुरू की। उन्होंने कहा कि यह गीत चट्टान की तरह खड़ा रहा और ब्रिटिश ज़ुल्म के बावजूद एकता की प्रेरणा दी। यह गीत बंकिम चंद्र चटर्जी ने लिखा था और इसकी धुन जदुनाथ भट्टाचार्य ने बनाई थी। हालांकि, बनर्जी ने कुछ बीजेपी नेताओं की उन बातों का जिक्र किया जिनमें उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी और राजा राम मोहन राय जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति अपनी नापसंदगी जाहिर की थी।

उन्होंने सवाल किया कि ऐसे नेता देश का इतिहास समझे बिना देश की सेवा करने का दावा कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा, कुछ बीजेपी नेता कह रहे हैं कि उन्हें नेताजी पसंद नहीं हैं। आपको नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, बंकिम चंद्र, विद्यासागर या राजा राम मोहन रॉय पसंद नहीं हैं और आप उनकी बेइज्जती करते रहते हैं। इतिहास और बंगाल के योगदान को ठीक से जाने बिना वे राजनीति में कैसे आ गए?








