अतीक अहमद से कनेक्शन का हवाला देकर 15 लाख की वसूली, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

अतीक अहमद से कनेक्शन का हवाला देकर 15 लाख की वसूली, कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

प्रयागराज।
तहलका 24×7 
               बमरौली के लाल बिहारा निवासी मो. मियां उर्फ शेरू से रिश्तेदारों ने ही 15 लाख रुपये ऐंठ लिए। शेरू का आरोप है कि उसके पास एसटीएफ के नाम का फर्जी नोटिस भेजा गया, जिसमें उसे माफिया अतीक अहमद का करीबी बताया गया। रिश्तेदार दंपति ने एनकाउंटर कराने की धमकी दी और उससे पैसे ले लिए। शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने कोर्ट का सहारा लिया, जिसके बाद पूरामुफ्ती थाने में केस दर्ज हुआ।
मो. मियां ने बताया कि 19 जून को एक अनजान नंबर से व्हॉट्सप पर मैसेज आया, जिसमें एसटीएफ के नाम का नोटिस था। नोटिस की सत्यता जानने की कोशिश की तो रिश्तेदार लूसी सिद्दीकी ने उन्हें अपने घर बुलाया और बाहर संपर्क न करने के लिए दबाव बनाया। उसने दावा किया कि उसकी पहुंच एसटीएफ तक है और मामले को निपटा सकती है।
पीड़ित के मुताबिक, लूसी और उसके पति जफर नईम ने केस से नाम हटाने का झांसा देकर 25 लाख रुपये की मांग की, उसके बाद धमकी दी कि बात बाहर निकली तो उसे अतीक अहमद का साथी बताकर एनकाउंटर करा दिया जाएगा और उनका घर भी गिरवा दिया जाएगा। डर के मारे पीड़ित ने 15 लाख रुपये दे दिए। फिर उन्हें आश्वासन दिया गया कि सभी के नाम नोटिस से हटा दिए जाएंगे।
आरोप है कि जब मो. मियां की पत्नी फाईमा ने एसटीएफ ऑफिस जाकर बात करने की बात कही, तो उसी रात कुछ नकाबपोश घर पहुंच गए और मारपीट कर चुप रहने की धमकी दी। नकाबपोशों ने कहा कि दिए हुए 15 लाख रुपये भूल जाओ, वरना पूरे परिवार को फर्जी केस में फंसाकर जेल भिजवा दिया जाएगा।
पीड़ित का कहना है कि 28 जून 2025 को उन्होंने पुलिस आयुक्त, मुख्यमंत्री समेत कई उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर कोर्ट में अर्जी दी जिसपर पूरामुफ्ती पुलिस ने अब लूसी सिद्दीकी और जफर नईम के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
Previous articleममता बनर्जी ने लोकसभा में वंदे मातरम पर चर्चा का किया स्वागत
Next articleसंघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर व्यापारियों को वितरित हुई राष्ट्र धर्म पुस्तक
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?