मुंबई में 70 लाख की डकैती का आरोपी जौनपुर निवासी बनारस से गिरफ्तार
वाराणसी।
मनीष वर्मा
तहलका 24×7
मुंबई में 70 लाख की डकैती करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य सनी भारद्वाज को एसटीएफ वाराणसी यूनिट ने रविवार को छावनी क्षेत्र स्थित एक स्कूल के पास से गिरफ्तार किया। मुंबई पुलिस वाराणसी स्थित न्यायालय में ट्रांजिट रिमांड बनवाकर आरोपी को मुंबई साथ ले जाएगी।

महाराष्ट्र के मुलुंड में हुई डकैती के बाद से ही आरोपी की तलाश में मुंबई पुलिस की टीमें लगी हुई थी। आरोपी की लोकेशन वाराणसी में मिलने के बाद एसटीएफ टीम को भी लगाया गया था। यूपी एसटीएफ वाराणसी इकाई के अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के अनुसार दो फरवरी को मुलुंड के पांच रास्ता पीके रोड अंतर्गत इडेनवाला कॉपरेटिव सोसायटी में हुंडी का काम करने वालों के कार्यालय में घुसकर गिरोह ने 70 लाख की डकैती की थी। गिरोह के सदस्यों की लोकेशन वाराणसी सहित जौनपुर में मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने संपर्क साधा। इस पर एसटीएफ फील्ड यूनिट के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह की टीम को सूचना मिली कि लूटकांड का आरोपी वाराणसी के छावनी क्षेत्र में है। सुबह घेराबंदी करते हुए आरोपी जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर थाना अंतर्गत सतहरिया निवासी सनी भारद्वाज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में एसटीएफ को सनी ने बताया कि वह लंबे समय से डोम्बेली ईस्ट कल्याण शिला रोड खिडकाली कल्याण थाणे मुंबई में रहता है।


















