शरबत पर टिप्पणी से रामदेव की बढ़ सकती मुश्किल, दिग्विजय सिंह ने की केस दर्ज करने की मांग
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने योग गुरु रामदेव के खिलाफ कथित तौर पर ‘शरबत जिहाद’ पर अपनी टिप्पणी के जरिए धार्मिक नफरत फैलाने के आरोप में केस दर्ज करने की मांग की। मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य श्री सिंह ने भोपाल के टीटी नगर पुलिस स्टेशन का रुख किया और भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1)(ए) और 299 के साथ इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने का अनुरोध किया।

कांग्रेस नेता ने कथित तौर पर रामदेव द्वारा अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो की ओर इशारा किया, जिसके बारे में उनका दावा है कि यह धार्मिक भावनाओं को भड़काने और पतंजलि आयुर्वेद प्रोडक्ट की बिक्री बढ़ाने के लिए बनाया गया था। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रश्मि अग्रवाल ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने रामदेव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन पर लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है और एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया गया है। शिकायत की जांच कर रहे हैं और उसके अनुसार कार्रवाई करेंगे।
















