खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरु,6 लाख पशुओं को लगेगा मुफ्त टीका
# राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने दिखाई हरी झंडी,8 सितंबर तक चलेगा अभियान
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जनपद में पशुओं को खुरपका मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए बुधवार से 45 दिवसीय निःशुल्क टीकाकरण अभियान के आठवें चरण की शुरुआत हो गई।खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया।अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर तक संचालित होगा।

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पशुधन को किसानों और पशुपालकों की अमूल्य संपत्ति मानते हुए उनके संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इस चरण में जनपद के लगभग छह लाख पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा, जिससे खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के साथ पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि एफएमडी एक अत्यंत संक्रामक विषाणुजनित रोग है,जिससे पशुओं में तेज बुखार,मुंह और खुर में छाले,दूध उत्पादन में कमी तथा लंगड़ापन जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का समय से टीकाकरण कराकर अभियान को सफल बनाएं।
प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.संजय कुमार ने बताया कि जनपद को 5,70,550 डोज वैक्सीन उपलब्ध कराई गई हैं।

अभियान के तहत 43 टीकाकरण टीमें 21 विकास खंडों की 1,740 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर करीब दो लाख पशुपालकों के पशुओं का टीकाकरण करेंगी।सभी पशु चिकित्सालयों पर वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड-चेन की समुचित व्यवस्था की गई है।अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया,पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।


















