नगर के पुरानी बाजार स्थित आरके हॉस्पिटल एवं ब्लड कंपोनेंट सेंटर में सोमवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। एमएस ब्लड डोनेट ग्रुप के तत्वाधान में आयोजित शिविर में 20 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान करके मानवता की सेवा में अपना योगदान किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। अल्पसंख्यक परिवार से माँ के साथ पहुंची दो बेटियों में चिकित्सक ने एक बिटिया से रक्तदान कराया, जबकि दूसरी बेटी शारीरिक दक्षता के कारण खून देने से वंचित रह गई।
रक्तदान शिविर में ब्लड बैंक के निदेशक डॉ. जेपी दुबे ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर को किसी तरह का नुकसान नहीं होता बल्कि बहुत सारे फायदे होते हैं। उन्होंने बताया कि नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन की मात्रा और रक्तचाप संतुलित रहता है। कैंसर और हार्ट अटैक का खतरा बहुत कम हो जाता है। नई रक्त कोशिकाएं बनती हैं। लीवर स्वस्थ रहता है और मोटापा पर असर पड़ता है। सबसे महत्वपूर्ण यह कि शरीर की रक्त प्रतिरोधक क्षमता लगातार बढ़ती है।
रक्तदान करने वालों में अरविंद यादव, मोहम्मद रेयान, रूपेश यादव, नितिन कुमार, अजीत कुमार, आकाश, प्रदीप बिंद, माविया ज़ैद, बलवंत, अश्वनी कुमार, मोहम्मद खान, मोहम्मद हमजा और भूपेंद्र आदि ने रक्तदान किया। इस मौके पर सभी रक्तदाताओं को उपहार स्वरूप दीवाल घड़ी और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।